उत्तराखंड में 10 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण, राज्यपाल करेंगे स्व-गणना की शुरुआत

उत्तराखंड। उत्तराखंड में जनगणना 2027 के तहत पहले चरण की शुरुआत 10 अप्रैल से होगी। भवनों की स्व-गणना (Self Enumeration) का शुभारंभ राज्यपाल गुरमीत सिंह (सेनि) करेंगे। राज्य सरकार ने इस चरण के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सचिव जनगणना दीपक कुमार और निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण — मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना — का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई तक किया जाएगा। इससे पहले 10 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच नागरिकों को पोर्टल se.census.gov.in पर स्व-गणना करने का अवसर मिलेगा।
30,839 कर्मियों की टीम होगी तैनात
पहले चरण में 4,491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणक मिलाकर कुल 30,839 कर्मियों की टीम तैनात की जाएगी। 25 अप्रैल से 24 मई तक ये टीमें घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य करेंगी।
पोर्टल पर 16 क्षेत्रीय भाषाओं में प्रश्न उपलब्ध होंगे, जिनका उत्तर नागरिक स्वयं दे सकेंगे। स्व-गणना के बाद प्रत्येक व्यक्ति को एक यूनिक सेल्फ-एनुमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी, जिसे प्रगणक को देना अनिवार्य होगा।
हिमाच्छादित जिलों में सितंबर में होगा दूसरा चरण
दूसरे चरण में राज्य के हिमाच्छादित जिलों — चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी — के 131 गांवों और तीन नगरीय क्षेत्रों में 11 से 30 सितंबर के बीच जनगणना का कार्य किया जाएगा।
पहाड़ों में बंद मकानों की भी होगी एंट्री
अधिकारियों ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में कई मकान खंडहर या बंद पड़े हैं। ऐसे भवनों को “लॉक हाउस” के रूप में दर्ज किया जाएगा।
650 बैच में दिया जा रहा प्रशिक्षण
राज्यभर में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण जारी है। उन्हें 650 बैच में बांटा गया है। प्रशिक्षण के लिए दो नेशनल ट्रेनर, 23 मास्टर ट्रेनर और 555 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं।
मोबाइल एप आधारित होगी पूरी प्रक्रिया
इस बार जनगणना पूरी तरह मोबाइल एप आधारित होगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से डेटा संग्रह करेंगे। संचालन और निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग सिस्टम (CMMS) पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
सचिव जनगणना दीपक कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना में भाग लें। उन्होंने बताया कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री स्वयं भी स्व-गणना में हिस्सा लेंगे।




