उत्तराखण्ड

हरिद्वार में पत्नी से अनबन के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास हुई इस घटना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। युवक अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।

पुलिस से बातचीत में युवक ने अपना नाम विशाल राम बताया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, विशाल गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी।

पत्नी के बड़ौत में होने की जानकारी मिलने पर विशाल वहां भी पहुंचा था और मोबाइल टावर पर चढ़कर उससे बात करने की जिद करने लगा था। उस दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी से फोन पर बात कराई, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर गया। पुलिस के अनुसार, विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसकी पत्नी बड़ौत से कहीं और चली गई।

इसी बीच विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचा और गैस प्लांट के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग थी कि उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया जाए।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर पता कर संपर्क किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है। पुलिस ने पत्नी से बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन विशाल उसे मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस लगातार युवक को समझाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button