दशहरे पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 21 स्थानों पर तैनात रहेंगी फायर टीमें

देहरादून: दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान किसी भी आग की घटना से निपटने के लिए देहरादून अग्निशमन और आपात सेवा विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में कुल 21 स्थानों पर अग्निशमन दल तैनात रहेंगे। सभी टीमें कार्यक्रम शुरू होने से लेकर खत्म होने तक मौके पर मौजूद रहेंगी।
विभाग ने प्रमुख रावण दहन स्थलों पर फायर टेंडर, फायर बाइक और अन्य जरूरी उपकरणों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की है।
तहसील वार तैनाती
सदर तहसील में 7 स्थानों पर फायर टीमें तैनात रहेंगी। इनमें बन्नू स्कूल, परेड ग्राउंड, क्लेमेंट टाउन, प्रेमनगर और पटेलनगर समेत सात जगहों पर सात फायर टेंडर लगाए गए हैं। इनमें पांच बड़े और दो छोटे फायर टेंडर हैं। इसके साथ दो फायर बाइक भी तैनात रहेंगी।
डोईवाला तहसील में केशवपुर बस्ती में एक फायर टेंडर और बाजार क्षेत्र में एक फायर बाइक तैनात की गई है।
विकासनगर तहसील में सेलाकुई दशहरा ग्राउंड और भाऊवाला समेत दो स्थानों पर टीमें रहेंगी।
हरबर्टपुर और कालसी क्षेत्र में बैराज ग्राउंड, तिकोना ग्राउंड और बीडीएम समेत चार स्थानों पर अग्निशमन दल मौजूद रहेंगे।
ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट, आईडीपीएल ग्राउंड और नटराज चौक समेत तीन स्थानों पर टीमें मुस्तैद रहेंगी। वहीं मसूरी में भी तीन स्थानों पर फायर टीमें तैनात की गई हैं।
सभी उपकरणों की जांच पूरी
विभाग ने सभी टीमों को फायर टेंडर, फायर बाइक, होज पाइप, ब्रांच, वाटर, डीसीपी और सीओ2 अग्निशामक यंत्र, फायर बीटर, सीढ़ी, रस्सी और फर्स्ट एड किट समेत जरूरी उपकरण दिए हैं। पर्याप्त जल भंडार की व्यवस्था भी की गई है और सभी उपकरणों की जांच पूरी कर ली गई है।
आमजन से सतर्क रहने की अपील
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने लोगों से अपील की है कि रावण दहन के दौरान पुतले से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और बच्चों पर विशेष ध्यान दें। पटाखे केवल खुले स्थान पर चलाएं और ढीले व सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें।
उन्होंने आयोजकों से दहन स्थल पर रेत और पानी की बाल्टियां रखने और बैरिकेडिंग कर भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने को कहा है। किसी भी आग की घटना पर तुरंत 112 या 101 नंबर पर सूचना देने की अपील की गई है।




