उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में मेहसूस हुए भूकंप के तेज झटके, चमोली रहा केंद्र; कई जिलों में दहशत

देहरादून। उत्तराखंड में देर रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के कई जिलों में धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही कई जगह लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का केंद्र चमोली जिले में था। भूकंप की तीव्रता 4.9 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई धरती से करीब 13 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

भूकंप के झटकों का असर गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक महसूस किया गया। चमोली में तेज झटकों के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद हल्द्वानी और रुद्रपुर में रात करीब 10:24 बजे के आसपास झटके महसूस किए गए। रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा के साथ पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में भी लोगों ने भूकंप महसूस होने की जानकारी दी।

बताया गया है कि भूकंप के झटके उत्तराखंड के अलावा शिमला, कुरुक्षेत्र, नोएडा, चंडीगढ़ और नई दिल्ली तक महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चमोली से करीब 254 किलोमीटर शिमला, 258 किलोमीटर कुरुक्षेत्र, 273 किलोमीटर नोएडा, 275 किलोमीटर चंडीगढ़ और 282 किलोमीटर नई दिल्ली की दूरी पर बताया गया है।

उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। प्रदेश में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। हालांकि, भूकंप के संबंध में जोन वर्गीकरण से जुड़ी दी गई जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अलग से की जानी बाकी है।

वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी गढ़वाल के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। लक्सर, मंगलौर, लच्छीवाला, डोईवाला, सेलाकुई, हरबर्टपुर, चंबा, घनसाली, टिपरी, झबरेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button