उत्तराखण्ड

गृह क्लेश बना खूनी वारदात की वजह? पत्नी की हत्या कर भागा पति

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी तहसील क्षेत्र के ग्राम कचटा में गृह क्लेश के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर पाठल से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी पति मनोज मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पाठल बरामद कर लिया है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, मनोज मजदूरी करता है। बताया गया कि वह भोजन करने के लिए घर आया था और मकान की निचली मंजिल के कमरे में पत्नी नीलम के साथ मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के बाद नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकली।

नीलम की आवाज सुनकर आरोपी की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसी दौरान मनोज भी उसके पीछे आया और बरामदे में नीलम को पकड़कर वहां रखे तेजधार पाठल से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने नीलम की गर्दन, पीठ और बगल में कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय आरोपी की मां घर के पास खेत में काम कर रही थी। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी अपने छोटे बेटे संजय को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा।

मृतका नीलम लखवाड़ क्षेत्र के धींगा गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले मनोज से हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी।

नायब तहसीलदार के अनुसार, आरोपी के भाई संजय की शिकायत पर हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जानकारी में घटना की वजह गृह क्लेश सामने आ रही है। राजस्व पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button