उत्तराखण्ड

हल्द्वानी तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, जमीन पैमाइश के मामलों में एक साल की देरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को तहसील और उपजिलाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की हकीकत सामने ला दी। निरीक्षण के दौरान जमीनों की पैमाइश से संबंधित कई आवेदन एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मिले, जबकि नियमानुसार ऐसे मामलों का निस्तारण दो दिनों के भीतर किया जाना चाहिए।

 

बिना पूर्व सूचना के तहसील पहुंचे जिलाधिकारी के निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप मच गया। उन्होंने जमीन पैमाइश से जुड़ी लंबित फाइलों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि कई आवेदकों को महीनों नहीं बल्कि एक साल से भी अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से देरी का कारण पूछा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर वहां भी तहसील से भेजी गई फाइलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई मामलों में फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही सामने आई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) और सिटी मजिस्ट्रेट को सभी लंबित मामलों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

 

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button