उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में तेज वर्षा की चेतावनी; देहरादून में स्कूल बंद

देहरादून: उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने 18 से 20 जुलाई तक प्रदेश के 10 जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 21 जुलाई को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में 18 से 20 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। लगातार वर्षा के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कों पर मलबा आने की आशंका भी जताई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

 

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही करें। साथ ही नदियों, सहायक नदियों, गदेरों, बरसाती नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

 

देहरादून में स्कूलों की छुट्टी

 

देहरादून में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

 

बारिश से मौसम हुआ सुहावना

 

शुक्रवार को देहरादून में करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। पिछले एक सप्ताह से गर्मी और अधिक नमी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शाम के समय शहर में ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया और लोग घरों से बाहर निकलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए।

 

जलभराव और मलबा आने से बढ़ी परेशानी

 

बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और मलबा आने की घटनाएं भी सामने आईं। डीएल रोड पुलिस चौकी के पास नाला चोक होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आईटीबीपी सन पार्क होटल के समीप सड़क पर जलभराव हो गया, जबकि गुजराड़ा मानसिंह क्षेत्र में सड़क पर मलबा आने के बाद जेसीबी मशीन भेजकर रास्ता साफ कराया गया।

 

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने क्विक रिस्पॉन्स टीमों को जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मेयर सौरभ थपलियाल ने आपदा कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button