2% बढ़ा महंगाई भत्ता: कर्मचारियों-पेंशनरों को 60% DA, कई परियोजनाओं को 50 करोड़ की मंजूरी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता 58% से बढ़ाकर 60% प्रतिमाह कर दिया गया है। केंद्र सरकार की तर्ज पर लिया गया यह निर्णय प्रदेश के करीब दो लाख कर्मचारियों और लगभग डेढ़ लाख पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनधारियों को लाभ देगा।
जनवरी से मिलेगा लाभ, एरियर पर शासनादेश शेष
बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा। कर्मचारियों और पेंशनरों को जनवरी से देय अंतर राशि (एरियर) भी मिलेगी। हालांकि एरियर के भुगतान की प्रक्रिया और तिथि संबंधी विस्तृत शासनादेश अभी जारी होना बाकी है, जिसके बाद भुगतान का शेड्यूल स्पष्ट होगा।
बढ़ती महंगाई के बीच राहत
पश्चिम एशिया में तनाव के चलते ईंधन और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। ऐसे माहौल में DA में वृद्धि से सरकारी कर्मियों और पेंशनधारियों को अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिलेगा।
विकास कार्यों को 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति
सरकार ने DA वृद्धि के साथ विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है:
चम्पावत (कोतवाली पंचेश्वर): टाइप-II के 6 आवास व चारदीवारी – ₹3.13 करोड़
नैनीताल (फायर स्टेशन हल्द्वानी): टाइप-II के 64, टाइप-III के 8, टाइप-IV के 4 आवास – ₹36.64 करोड़
चम्पावत (थाना रीठा साहिब): टाइप-II के 6 व टाइप-III का 1 आवास – ₹3.47 करोड़
अल्मोड़ा (मौलेखाल बाजार): पार्किंग निर्माण – ₹5.91 करोड़
चमोली (थराली, ग्वालदम बाजार): वाहन पार्किंग – ₹61.57 लाख
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचा सुदृढ़ होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।




