CM धामी के 5 साल पूरे, ऋषिकेश से ‘सेवा पखवाड़ा’ का शुभारंभ आज; ट्रैफिक रूट और पार्किंग प्लान जारी

ऋषिकेश: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद पर अपने पांच वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर राज्य सरकार शुक्रवार 4 जुलाई से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम के साथ 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की शुरुआत कर रही है। अभियान का शुभारंभ ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे, जबकि कार्यक्रम में राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान लागू
बड़े आयोजन को देखते हुए देहरादून पुलिस ने ऋषिकेश के लिए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है। विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, जबकि आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
इन रूटों से पहुंचेंगे वाहन
देहरादून से आने वाली बसों को रिस्पना, भानियावाला फ्लाईओवर, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट होते हुए आईडीपीएल पोस्ट ऑफिस पार्किंग तक भेजा जाएगा।
टिहरी और पौड़ी से आने वाली बसें भद्रकाली तिराहा, नटराज चौक और मनसा देवी फाटक के रास्ते आईडीपीएल पहुंचेंगी।
पौड़ी से आने वाले छोटे वाहन गरुड़ चट्टी पुल, लक्ष्मण झूला रोड, बैराज तिराहा और वीरभद्र तिराहा होते हुए हॉकी ग्राउंड पार्किंग तक जाएंगे।
हरिद्वार, कोटद्वार और कुमाऊं से आने वाले वाहन नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और कैनाल गेट के रास्ते कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। बसों की पार्किंग पोस्ट ऑफिस के पास और कारों की पार्किंग हॉकी ग्राउंड में होगी।
ये होंगे पार्किंग स्थल
केवी स्कूल के पास, आईडीपीएल
पोस्ट ऑफिस के पास प्रथम ग्राउंड
पोस्ट ऑफिस के सामने प्रथम ग्राउंड
हॉकी ग्राउंड, आईडीपीएल
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली से हरिद्वार जाने वाले वाहन नटराज चौक, रानीपोखरी, भानियावाला और नेपाली फार्म के रास्ते जाएंगे।
दिल्ली और हरिद्वार से चारधाम एवं पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन नेपाली फार्म, भानियावाला, रानीपोखरी और नटराज चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक ऋषिकेश क्षेत्र के आंतरिक और बाहरी मार्गों पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है।
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन हटाया जाएगा और 1500 रुपये का चालान किया जाएगा।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।




