उत्तराखण्ड

चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क पर भूस्खलन, विशाल चट्टान गिरने से मार्ग बंद

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक महत्व की सोबला-ढाकर सड़क मंगलवार को भूस्खलन की चपेट में आ गई। धारचूला क्षेत्र के पंगबावे नामक स्थान पर अचानक पहाड़ी दरकने से विशाल चट्टान, बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई वाहन या व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।

 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। इससे सोबला-ढाकर मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। बारिश के चलते पहले से ही पंगबावे क्षेत्र में दो स्थानों पर सड़क बाधित थी, जबकि ताजा भूस्खलन के बाद अब तीन स्थानों पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय वाहन चालकों और ग्रामीणों से फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि इस बार काफी बड़ी चट्टान टूटी है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो बुधवार तक सड़क को यातायात के लिए बहाल किए जाने की उम्मीद है।

 

सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण सामरिक मार्ग है। इस सड़क का उपयोग स्थानीय लोगों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भी किया जाता है। लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण इस मार्ग पर बार-बार यातायात बाधित हो रहा है, जिससे सीमांत क्षेत्रों में आवागमन और सुरक्षा बलों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मार्ग बंद होने से कई वाहन भी रास्ते में फंस गए हैं।

 

जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अन्य मार्गों पर भी पड़ा है। पिछले तीन दिनों से हो रही वर्षा के कारण पिथौरागढ़ जनपद में कुल 17 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले में वर्तमान में 17 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें सभी मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button