उत्तराखण्ड

देहरादून में चेन लूट के आरोपी का एनकाउंटर, तमंचा-कारतूस और चोरी की एक्टिवा हुई बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से भाग रहे बदमाश ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के मुताबिक, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा सवार युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपी चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा बरामद की है। प्रारंभिक जांच में एक्टिवा के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लूटी गई चेन भी बरामद कर ली है।

घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button