मोबाइल को लेकर भाई ने टोका, 14 वर्षीय आठवीं की छात्रा की मौत से परिवार में मातम

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता स्थित राजीवनगर में 14 वर्षीय आठवीं कक्षा की छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन पर व्यस्त रहने को लेकर बड़े भाई के टोकने के बाद किशोरी ने मंगलवार रात घर में फंदा लगा लिया। परिजन उसे आनन-फानन में हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के वेस्ट राजीवनगर निवासी राशि सक्सेना आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार शाम वह मोबाइल फोन पर व्यस्त थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर टोका था। इसके बाद मंगलवार रात घर में यह घटना हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन किशोरी को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही थी।
किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




