उत्तराखण्ड

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार

चमोली: बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के बहुचर्चित मामले में उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रमोद नौटियाल बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष के वैयक्तिक सहायक (पीए) के पद पर तैनात थे। मामला सामने आने के बाद से वह फरार चल रहे थे।

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को बदरीनाथ थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी का लैपटॉप और अन्य सामान भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में प्रमोद नौटियाल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह बेगुनाह हैं।

 

पुलिस के अनुसार, मंदिर समिति की ओर से एफआईआर दर्ज होने के बाद चढ़ावा गणना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। प्रारंभिक जांच में कथित हेराफेरी की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

 

ऐसे सामने आया मामला

 

2 जुलाई को भैरव सेना ने आरोप लगाया था कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष के पीए प्रमोद नौटियाल ने नकदी में हेराफेरी की है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया।

 

7 जुलाई को जांच समिति ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया और देर रात उनके खिलाफ बदरीनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

 

एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। इस दौरान उसने हाईकोर्ट में एफआईआर और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की भी याचिका दायर की थी।

 

11 जुलाई को जांच समिति ने अपनी 18 पन्नों की रिपोर्ट सीईओ कार्यालय को सौंपी। रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2 जुलाई को आरोपी को एक से अधिक बार कथित रूप से चढ़ावे की राशि में हेराफेरी करते हुए देखा गया। वहीं 29 जून की फुटेज में भी उसके संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख किया गया है। इस पूरे मामले की समानांतर जांच सरकार द्वारा गठित आयुक्त (कमिश्नर) की अध्यक्षता वाली समिति भी कर रही है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button