उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में 79 लाख मतदाताओं का विशेष पुनरीक्षण शुरू, 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्य के 79 लाख 76 हजार से अधिक मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) तैयार कर सभी जिलों को भेज दिए हैं। 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण करेंगे और भरे हुए फॉर्म एकत्रित करेंगे।

 

निर्वाचन विभाग के अनुसार, 8 जून से 7 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं को अपने विवरण सत्यापित करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित की जाएगी।

 

ड्राफ्ट सूची पर 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच उन प्रपत्रों की जांच की जाएगी जिनकी जानकारी को लेकर निर्वाचन अधिकारियों को संतोष नहीं होगा। ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

 

गणना प्रपत्र में देनी होगी यह जानकारी

 

गणना प्रपत्र पर मतदाता का वर्तमान EPIC नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र की जानकारी और QR कोड पहले से अंकित होगा। इसके अलावा मतदाता को पिछली विशेष पुनरीक्षण सूची से संबंधित विवरण, पारिवारिक जानकारी और पहचान संबंधी जानकारी भरनी होगी।

 

फॉर्म में जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, माता-पिता या पति-पत्नी का नाम और उनका EPIC नंबर दर्ज करना होगा। आधार नंबर देना वैकल्पिक रखा गया है। मतदाता को अपनी नवीनतम फोटो लगाकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म बीएलओ को जमा करना होगा।

 

निर्वाचन विभाग ने बताया कि यह फॉर्म ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा। मतदाता इसे डाउनलोड कर प्रिंट निकालकर भर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button