उत्तराखण्ड

देहरादून के 22 PHC जल्द आयुष्मान योजना से जुड़ेंगे, कार्डधारकों को मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज

देहरादून। जिले के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही चकराता, कालसी, सहसपुर, डोईवाला, रायपुर और विकासनगर ब्लॉक के 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) आयुष्मान भारत योजना से जोड़े जाएंगे। शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय की सख्ती के बाद सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों और प्रभारियों को पांच दिन के भीतर इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इन पीएचसी के आयुष्मान योजना से संबद्ध नहीं होने के कारण अभी तक स्थानीय लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। इन केंद्रों पर भर्ती समेत कई सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। आयुष्मान योजना से जुड़ने के बाद पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

सहसपुर ब्लॉक में भगवंतपुर पीएचसी को योजना से जोड़ा जाएगा। डोईवाला में भानियावाला, छिद्दरवाला और गुमानीवाला, जबकि रायपुर में सरोना और रानीपोखरी पीएचसी शामिल हैं।

विकासनगर ब्लॉक में कटापत्थर, कोटी ढलानी, रुद्रपुर और डाकपत्थर पीएचसी को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा। चकराता ब्लॉक में बुलहाड़, मेहरावना, भटाड़, बरोथा, खाबू और कोटी कनासर पीएचसी शामिल हैं।

इसी तरह कालसी ब्लॉक के कालसी, टाइप-ए लखवाड़, टाइप-ए कमला, टाइप-ए पिंगिरी, टाइप-ए बिरमौ और टाइप-ए मुंढान पीएचसी को भी योजना में शामिल किया जाएगा।

सीएमओ के मुताबिक इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी के साथ एक से चार बेड तक की व्यवस्था है। यहां डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और सफाई कर्मी तैनात रहते हैं। आयुष्मान योजना लागू होने के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को भर्ती करने के साथ माइनर ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अधिकारियों को इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी या लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले आयुष्मान कार्डधारकों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक जाने की जरूरत कम होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button