उत्तराखण्ड

जयघोष के बीच आज खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, 7000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

चमोली। आस्था के पवित्र धाम हेमकुंड साहिब के कपाट आज विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के अवसर पर करीब 7000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

इससे पहले शुक्रवार को “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष के साथ पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालुओं का जत्था गोविंदघाट गुरुद्वारा से निशान साहिब के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले गोविंदघाट गुरुद्वारे में गुरुवाणी का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं का जत्था रात्रि विश्राम के लिए घांघरिया पहुंचा, जहां से आज सुबह सभी श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे।

गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब का पाठ होगा।

उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर शब्द कीर्तन आयोजित किया जाएगा और दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के बाद पहली अरदास की जाएगी, जबकि दोपहर एक बजे हुक्मनामा लिया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2026 की हेमकुंड साहिब यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button