उत्तराखंड में तूफान का कहर: चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाइयों की मौत, कई जिलों में बिजली-पानी व्यवस्था ठप

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई। रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र स्थित चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन पर्यटक घायल हो गए। वहीं प्रदेश के कई जिलों में बिजली और पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित रही।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे कई पर्यटक ऊंचाई वाले इलाकों में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को मौके पर रवाना किया।
रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले चंद्रशिला क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
इस हादसे में उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती कराया गया। ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने दोनों भाइयों की मौत की पुष्टि की है।
45 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया
खराब मौसम के बीच राहत एवं बचाव एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रशिला और आसपास के क्षेत्रों में फंसे 45 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों और ट्रेकिंग मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
कई जिलों में बिजली-पानी की व्यवस्था प्रभावित
तूफान और तेज बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। पौड़ी, टिहरी, कोटद्वार, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, मसूरी और देहरादून में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित रही।
रुड़की में 200 से अधिक पेड़ गिर गए और 80 से ज्यादा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। विकासनगर क्षेत्र में 73 बिजली पोल टूट गए और करीब साढ़े चार किलोमीटर विद्युत लाइन को नुकसान पहुंचा। ऋषिकेश में 50 से अधिक पेड़ गिरने के कारण करीब 16 घंटे तक बिजली गुल रही।
हाईवे पर पेड़ गिरने से तीन घंटे तक यातायात बाधित
तेज तूफान के कारण रुड़की-देहरादून हाईवे सहित कई प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राजमहल होटल, मिलिट्री अस्पताल, गणेशपुर गंगनहर, नगला इमरती, ढंडेरा फाटक और लक्सर रोड समेत कई स्थानों पर पेड़ सड़क पर गिरने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ों को काटकर सड़क किनारे हटाया गया। लगभग तीन घंटे की मेहनत के बाद यातायात को फिर से सुचारू किया जा सका।




