उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में शादी समारोह के दौरान दलित युवकों की पिटाई, चार हिरासत में

हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान डीजे चला रहे दो दलित भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने जातिसूचक टिप्पणियां करने और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

देवला मल्ला, गौलापार निवासी बीडीसी सदस्य पति उमेश चंद टम्टा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 मई को गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। उनके भाई शुभम टम्टा कार्यक्रम में डीजे का संचालन कर रहे थे, जबकि वह और उनका साला सहयोग कर रहे थे।

आरोप है कि देर रात शुभम को प्यास लगी तो वह पास में रखे बर्तन से पानी पीने लगे। इसी दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आठ-दस लोगों ने शुभम को बुरी तरह पीटा और जातिसूचक गालियां दीं।

घटना की सूचना मिलने पर जब उमेश मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई और सिर पर चाकू से वार किया गया। शुभम का एसटीएच में उपचार चल रहा है।

एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button