उत्तराखण्ड

ऋषिकेश में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, 50 हजार रुपये रिश्वत लेते जेई गिरफ्तार

ऋषिकेश। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी जेई पर टेंडर की भुगतान राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभाग में ठेकेदारी का कार्य करता है और उसने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर के तहत काम किया था। आरोप है कि कार्य का भुगतान जारी करने के बदले संबंधित जेई लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने ट्रैप टीम का गठन किया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी जूनियर इंजीनियर फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर का रहने वाला है। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button