उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी

उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार समेत आठ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार, 5 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में कहीं-कहीं बादल गरजने, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार तक पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 सितंबर को हरिद्वार में भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए 5 सितंबर को जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर को हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं 7 सितंबर को पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
बारिश और मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।




