उत्तराखण्ड

मूसलाधार बारिश से हरिद्वार बेहाल: शहर में जलभराव, पुलिया धंसी, रोडवेज बस फंसी

हरिद्वार: उत्तराखंड में सक्रिय मॉनसून का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की भारी बारिश की चेतावनी के बीच गुरुवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश ने हरिद्वार का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा, जबकि लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

सबसे अधिक जलभराव भगत सिंह चौक पर देखने को मिला, जहां दो से तीन फीट तक पानी भर गया। चंद्राचार्य चौक और सिटी अस्पताल के बाहर भी सड़कें पानी में डूब गईं। कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान हुआ। वहीं दुकानों के बाहर खड़े वाहन भी आधे पानी में डूबे नजर आए। भगत सिंह चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक निजी बस पानी में फंस गई।

 

चंद्राचार्य चौक के पास एक कार जलभराव के कारण बीच सड़क पर बंद हो गई, जिसे लोगों ने धक्का लगाकर बाहर निकाला। कई दोपहिया वाहन भी पानी में बंद हो गए। फैक्ट्री और कॉलेज जाने वाले लोगों को भी जलभराव के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या करीब 30 वर्षों से बनी हुई है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

 

मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि मॉनसून से पहले नालों की सफाई कराई गई थी, लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। निगम की टीमें जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से जलनिकासी के कार्य में जुटी हुई हैं।

 

बारिश का असर कनखल के लाटोवाली क्षेत्र और ज्वालापुर बाजार में भी देखने को मिला। लाटोवाली में करीब तीन फीट तक पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही और घरों के बाहर खड़े वाहन पानी में डूब गए। वहीं ज्वालापुर के मुख्य बाजार में कई दुकानों के भीतर पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान की आशंका है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था की मांग दोहराई है।

 

इधर, हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने हाल ही में निर्मित पुलिया का एक हिस्सा अचानक धंस गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की बस पुलिया में फंस गई। चालक की सूझबूझ से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क के आधे हिस्से से यातायात सुचारू कराया। अधिकारियों के अनुसार बारिश रुकने के बाद पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button