हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज में दो बाघों की निर्मम हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। श्यामपुर रेंज के जंगल में शिकारियों ने दो बाघों को जहर देकर मार डाला और बेरहमी से उनके सभी पैर काट लिए। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मारे गए दोनों बाघ करीब दो वर्ष के बताए जा रहे हैं, जिनमें एक नर और एक मादा शामिल है। प्रारंभिक जांच में बाघों को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने की आशंका जताई गई है।
वन विभाग ने मामले में एक वन गुज्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। वर्ष 2017 में चिड़ियापुर क्षेत्र में भी इसी तरह जहर देकर बाघ की हत्या का मामला सामने आया था।
जहर मिली भैंस से किया शिकार
वन विभाग के अनुसार रविवार शाम करीब 6:30 बजे सजनपुर बीट, श्यामपुर कम्पार्टमेंट संख्या-09 में सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बाघ का शव बरामद हुआ। मौके पर एक मृत भैंस भी मिली। जांच में सामने आया कि मृत भैंस पर जहरीला पदार्थ छिड़का गया था। बाघ ने भैंस का मांस खाने के बाद दम तोड़ दिया।
बाघ की मौत के बाद आरोपियों ने उसके चारों पैर काट लिए और अवैध बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। शव को जंगल में ही क्षत-विक्षत हालत में छोड़ दिया गया। पूछताछ के बाद घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर एक अन्य मादा बाघ का शव भी बरामद हुआ, जिसके भी पैर काटे गए थे।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि दोनों बाघ एक ही बाघिन के शावक थे। मौके से बाघ के दांत और खाल सुरक्षित बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलम उर्फ फम्मी निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में आमिर हमजा उर्फ मियां, आशिक और जुप्पी शामिल हैं।
बाघिन की तलाश में 10 कैमरा ट्रैप, 50 वनकर्मी तैनात
दोनों शावकों की मौत के बाद अब वन विभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन बाघिन की तलाश में जुट गया है। संवेदनशील इलाकों में 10 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं और करीब 50 वनकर्मी सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार शावक पूरी तरह स्वतंत्र नहीं हुए थे और संभव है कि वे अपनी मां के साथ ही विचरण कर रहे हों। श्यामपुर, चीला और रवासन क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है।
चीला रेंज से आते हैं अधिकांश बाघ
राजाजी टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 51 बाघ बताए जा रहे हैं, जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत चीला रेंज में विचरण करते हैं। श्यामपुर क्षेत्र चीला रेंज से सटा हुआ है, इसलिए यहां आने वाले अधिकांश बाघ रिजर्व क्षेत्र से ही आते हैं।
कॉर्बेट नेशनल पार्क में दो पालतू हाथी लापता
इधर रामनगर स्थित कॉर्बेट नेशनल पार्क के झिरना रेंज से दो पालतू मादा हाथी मंगलवार शाम रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। पार्क प्रशासन के अनुसार आशंका है कि दोनों हाथी जंगली झुंड के साथ चले गए हैं। देर रात तक उनकी तलाश जारी रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ये हाथी गश्त ड्यूटी पर लगाए गए थे।
वन विभाग ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।




