उत्तराखण्डचारधाम यात्रा

केदार-बदरी से पहले बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून। आस्था के सबसे बड़े पर्व चारधाम यात्रा की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इस बार यात्रा की राह आसान नजर नहीं आ रही। एक ओर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी गैस की किल्लत की स्थिति बन रही है, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी कर यात्रियों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। अब 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने हैं। हालांकि यात्रा शुरू होते ही मौसम और आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियां सामने आ गई हैं।

आठ जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

20 अप्रैल को देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में भी हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।

तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा

मौसम विभाग ने 19 और 20 अप्रैल के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों और यात्रियों को खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

22-23 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद

राहत की बात यह है कि 22 और 23 अप्रैल को प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इन दो दिनों में किसी तरह की चेतावनी नहीं है, जिससे केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर यात्रियों को राहत मिल सकती है।

हालांकि 24 और 25 अप्रैल को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

मैदानी इलाकों में गर्मी का असर

प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में रविवार को लू जैसी गर्म हवाएं चलीं। देहरादून में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और पंतनगर में 39.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक रहा है।

चारधाम यात्रा के शुरुआती चरण में ही मौसम और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के बीच प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं संभाल रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button