VVIP दौरे को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, 19 और 20 अगस्त को इन रूटों पर रहेगा डायवर्जन

देहरादून। प्रस्तावित VVIP भ्रमण कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 और 20 अगस्त को VVIP कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात का दबाव नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक, जबकि 20 अगस्त को सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
ऋषिकेश से देहरादून शहर या मसूरी आने वाले वाहनों को रानीपोखरी-भोगपुर, थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए देहरादून भेजा जाएगा। मसूरी जाने वाले वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होते हुए भेजा जाएगा।
हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक के रास्ते देहरादून में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं मसूरी जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, कैंट और अनारवाला होते हुए भेजा जाएगा।
आशारोड़ी और प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला मार्ग निर्धारित किया गया है।
देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होते हुए भेजा जाएगा।
मसूरी से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और थानों रोड का इस्तेमाल किया जाएगा।
ईसी रोड, घंटाघर तथा हाथीबड़कला-दिलाराम क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
इन स्थानों पर रहेगा डायवर्जन: भोगपुर तिराहा, भानियावाला फ्लाईओवर, दूधली रोड, कारगी चौक, शिमला बाईपास चौक, एनेक्सी तिराहा, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, साईं मंदिर, दिलाराम चौक, ग्रेट वैल्यू तिराहा, साईं मंदिर तिराहा और कुठालगेट तिराहा।
यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित डायवर्जन और रूट प्लान का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों को मुख्य मार्ग या सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने की सलाह दी है। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को ट्रैफिक क्रेन से टो किया जाएगा और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार नुसार एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा। पेट्रोल, दूध, गैस और सब्जी जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




