देहरादून में खंडहर में मिला 28 वर्षीय महिला का शव, ओवरडोज से मौत की आशंका

देहरादून। राजधानी देहरादून के चूना भट्ठा क्षेत्र में एक पुराने खंडहर से 28 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी प्रमोद कुमार और एसपी देहात जया बलूनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर कुछ चोट के निशान भी मिले हैं, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
महिला की पहचान शिवानी के रूप में
पुलिस ने शव की पहचान शिवानी के रूप में की है, जो डालनवाला के सूरज बस्ती क्षेत्र की रहने वाली थी। स्थानीय निवासी भागीरथ रावत के अनुसार शिवानी ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि शादी से पहले ही दोनों नशे की लत में थे। महिला का एक दो वर्षीय बेटा भी है।
परिजनों के अनुसार शिवानी लंबे समय से नशे की आदी थी और कई बार उसे हरिद्वार के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन वह इस आदत से बाहर नहीं निकल सकी। उसका पति भी नशे का आदी है और इस समय गाजियाबाद के एक नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करा रहा है।
तीन दिन से थी लापता
परिवार ने बताया कि महिला करीब 15 दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र से वापस आई थी। इसके बाद वह तीन दिन से लापता थी। परिजनों का कहना है कि नशे की हालत में वह अक्सर एक-दो दिन के लिए घर से गायब हो जाती थी। फिलहाल महिला की छोटी बहन उसके दो वर्षीय बच्चे की देखभाल कर रही है, जबकि उसके पिता स्कूल का ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
महिला की मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चूना भट्ठा क्षेत्र में स्मैक का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। उनका कहना है कि कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनकी बेटी की जान चली गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि देहरादून में हाल के महीनों में महिलाओं से जुड़े कई गंभीर अपराध सामने आए हैं। जनवरी और फरवरी में पांच दिनों के भीतर तीन महिलाओं की हत्या की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें एक मामले में 18 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या भी शामिल थी। इन सभी मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।




