पीएम मोदी के दौरे से पहले मां डाट काली मंदिर में दो दिन दर्शन बंद, एंट्री पर लगी रोक

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 14 अप्रैल को मां डाट काली मंदिर में उनके दर्शन कार्यक्रम के मद्देनजर मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।
रविवार शाम पांच बजे से मंदिर में भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। अब श्रद्धालु 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब लगातार दो दिनों तक आम भक्तों के लिए प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं। इसी दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर में आयोजित बैठक के दौरान महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र शुभम गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है। मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार ने भी पुष्टि की कि सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है।
आज मंदिर में दर्शन करेंगे योगी आदित्यनाथ
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचेंगे और निरीक्षण करते हुए शाम चार बजे मंदिर पहुंचेंगे। दर्शन के बाद 4:15 बजे वह मंदिर से रवाना होंगे।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड पर हैं और मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।




