सुंदरवाला में युवक ने की आत्महत्या, पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में किया था बंद

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के सुंदरवाला इलाके में एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान उसने अपनी पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सुंदरवाला निवासी शुभम (24), पुत्र नरेंद्र सिंह, ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के पहुंचने तक परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद फील्ड यूनिट टीम ने मौके का निरीक्षण कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बताया गया है कि मृतक का नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ था और वह ड्राइविंग का कार्य करता था। पत्नी के साथ विवाद की बात भी सामने आई है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिजनों या विशेषज्ञ की सहायता लें। मदद लेना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस का कदम है।



