चारधाम यात्रा 2026: 10 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, सरकार ने तैयारियां तेज की

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 लाख तीर्थयात्री यात्रा के लिए पंजीकरण कर चुके हैं।
19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए राज्य सरकार ने 2025 में धामों के कपाट बंद होने के तुरंत बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं।
5 करोड़ की एडवांस बुकिंग
गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के विश्राम गृहों में करीब 5 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। यह आंकड़ा यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को दर्शाता है।
व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
सरकार सड़क, आधारभूत ढांचे, आवास, परिवहन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पिछले वर्ष बाधित रही थी यात्रा
बीते वर्ष आपदा के कारण लगभग डेढ़ माह तक यात्रा बाधित रही थी, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण होती है, लेकिन हर श्रद्धालु की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा से संबंधित पूर्वानुमान की जानकारी भी यात्रियों को समय-समय पर दी जाएगी।
कैपिंग को लेकर कोई निर्देश नहीं
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सीमित (कैपिंग) करने को लेकर फिलहाल कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।




