भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बीसी खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि, बैठकों का दौर जारी

देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वह राजपुर रोड स्थित होटल पहुंचे, जहां पार्टी की विभिन्न बैठकों का दौर शुरू हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर संगठन और सरकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा का कार्यक्रम तय किया गया।
शाम चार बजे से नितिन नवीन महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। वहीं शाम को मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ भी विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद वह ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ संवाद करेंगे।
2027 चुनाव को लेकर मंथन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों की बैठक भी ली। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी कार्यक्रमों, संगठनात्मक मजबूती और सरकार के चार वर्षों में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। पारंपरिक परिधान में महिला और युवा कार्यकर्ता ढोल-दमाऊं और वाद्य यंत्रों की धुन पर स्वागत करते नजर आए।
हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी और फव्वारा चौक समेत कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहले संगठनात्मक दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
भाजपा नेतृत्व पर जनता का विश्वास: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्वतःस्फूर्त उत्साह इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की जनता का भाजपा और उसके नेतृत्व पर अटूट विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा।



