सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को जनता जवाब देगी” राहुल गांधी पर बरसे सीएम धामी

अल्मोड़ा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वालों को देवभूमि उत्तराखंड कभी स्वीकार नहीं करेगी।
दरअसल, आगामी 4 जून को राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान वह अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में रैली करेंगे। साथ ही पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों से संवाद भी करेंगे। राहुल गांधी के इसी दौरे को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिक्रिया दी।
अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारतीय सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाते हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल प्रदेश है और यहां के लोगों का सेना तथा राष्ट्रभक्ति से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सीमाएं दो देशों से जुड़ी हैं और यहां के निवासी हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हैं। ऐसे में कांग्रेस की राजनीति उत्तराखंड में सफल नहीं होने वाली।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया। साथ ही करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बने नए भवनों से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा और विकास को नई दिशा देना है, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें और पलायन को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। वहीं राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और भाजपा के आक्रामक रुख को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है।



