रुद्रपुर में दिनदहाड़े किशोर की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम; आरोपी की तलाश में पुलिस

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें 17 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने इलाज के दौरान हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
कहासुनी के बाद चली गोली
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी किसी काम से गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर गोली चला दी।
हल्द्वानी में इलाज के दौरान मौत
गोली लगने के बाद विक्रांत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी फरार हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान विक्रांत की मौत हो गई।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
हत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र किस उद्देश्य से गया था और दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।
आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए दबिश
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए मामले की जांच तेज कर दी है।




