Uncategorized

गोलीकांड के विरोध में सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस, बोली-जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही गोलीकांड और आपराधिक घटनाओं के विरोध में उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को “जन सुरक्षा न्याय मार्च—सुरक्षित राजधानी, जवाबदेह सरकार” निकाला। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ युवा और बुजुर्ग भी शामिल हुए।

मार्च पथरी बाग चौक से शुरू होकर लाल पुल चौक पर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “कानून व्यवस्था दुरुस्त करो” और “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए। मार्च के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला भी दहन किया।

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी की सड़कों पर गोली चलने की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पथरी बाग चौक पर हुई गोलीकांड की घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आ रही गोलीकांड और आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं।

ज्योति रौतेला ने कहा कि यदि राजधानी में ही आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उनके अनुसार, अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास होना जरूरी है। सरकार को केवल दावे करने के बजाय अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस-प्रशासन को जवाबदेह बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। महिला कांग्रेस आगे भी आमजन की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

मार्च में रीठामंडी पार्षद इताद खान, वसीम मकरानी, आदर्श सूद, कैलाश ठाकुर, मनीष धीमान, सतेंद्र, गगन चाचर, मुरसलीन, हरि शंकर, समीर कुमार, अनिल शर्मा, लक्ष्य गोयल, अभिनव, अभिषेक डोबरियाल, गौरव रावत, नितिन उनियाल, विकास यादव, उदय यादव, सोनू समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button