उत्तराखण्ड

नाइट ड्यूटी के बाद लौट रहे शिवपुरी चौकी प्रभारी की सड़क हादसे में मौत, पुलिस महकमे में शोक

ऋषिकेश: टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा का निधन हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा सोमवार रात अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। मंगलवार सुबह नाइट ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने निजी वाहन से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।

 

प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह वाहन चलाते समय आई नींद की झपकी मानी जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। संयुक्त टीम ने खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और गंभीर रूप से घायल विनोद शर्मा को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मुनि की रेती थाना के उपनिरीक्षक योगेश पाण्डेय ने बताया कि चौकी प्रभारी नाइट ड्यूटी पूरी कर अपने वाहन से शिवपुरी लौट रहे थे, तभी उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

 

विनोद शर्मा अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार और कार्यशैली के लिए पुलिस विभाग में जाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन को विभाग के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button