उत्तराखण्ड

मॉनसून बना आफत, उत्तराखंड में 97 सड़कें बंद; नदियां उफान पर

देहरादून:उत्तराखंड में मॉनसूनी बारिश का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारी बारिश के चलते सोमवार को प्रदेशभर में 97 सड़कें बंद हो गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने देर शाम तक 20 सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि बागेश्वर में एहतियातन स्कूल बंद रखे गए हैं।

 

चमोली और बागेश्वर सबसे ज्यादा प्रभावित

 

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा के अनुसार, सबसे अधिक 29 सड़कें चमोली जिले में बंद हुईं। बागेश्वर में 20 और पिथौरागढ़ में छह सड़कें अब भी प्रभावित हैं। कई स्थानों पर लोगों को वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करनी पड़ रही है।

 

नदियां उफान पर, ग्लेशियर ट्रेकिंग मार्ग बंद

 

लगातार बारिश के कारण बागेश्वर में सरयू नदी उफान पर बह रही है। कपकोट में 64 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि धारचूला क्षेत्र में नदियों और गधेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। सुरक्षा के मद्देनज़र पिंडारी, सुंदरढूंगा और कफनी ग्लेशियर ट्रेकिंग मार्ग 15 सितंबर तक बंद कर दिए गए हैं। मुनस्यारी-मिलम सड़क भी मलबा आने से बाधित रही।

 

6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 11 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।

 

देहरादून में जलभराव और जाम

 

सोमवार को देहरादून में करीब एक घंटे की तेज बारिश से घंटाघर, दर्शनलाल चौक, परेड ग्राउंड और रायपुर रोड समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। रिस्पना और बिंदाल नदियां भी उफान पर रहीं। जलभराव के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर रोड पर कागज की नाव चलाकर सरकार पर तंज कसा।

 

बारिश के बाद बढ़ी उमस

 

मंगलवार सुबह बारिश से मौसम सुहावना रहा, लेकिन दोपहर बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं पंतनगर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button