उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीतिक

उत्तराखंड दौरे पर आज पीएम मोदी, देहरादून में पहली बार करेंगे भव्य रोड शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगा स्वागत

देहरादून | आज 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान वह पहली बार देवभूमि में रोड शो करेंगे, जो भव्य होगा। करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य और पारंपरिक संगीत के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर लोग अपनी संस्कृति के माध्यम से उनका अभिनंदन करेंगे।

दो घंटे देहरादून में रहेंगे मोदी

प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा

सुबह करीब 10 बजे प्रधानमंत्री देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे यूपी के गणेशपुर जाएंगे। इसके बाद करीब 12 बजे मां डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे। फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनका वापस लौटने का कार्यक्रम है। भाजपा के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

सीएम योगी ने परखी तैयारियां

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ ने सीमावर्ती आयोजन स्थल सहारनपुर की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। यहीं से प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे के तहत शिवालिक की पहाड़ियों में मोहंड (उत्तर प्रदेश) में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे, जिसे एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बताया जा रहा है। इस कॉरिडोर में वाहनों की आवाजाही के साथ नीचे वन्य जीवों की आवाजाही भी निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी। इसके लिए साउंड प्रूफ शीट भी लगाई गई हैं।

सीएम धामी ने किया निरीक्षण

पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button