नैनीताल में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार; एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भवाली क्षेत्र में सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर ढैला गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यूपी नंबर की कार भवाली से रातीघाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढैला गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना स्थल घने जंगल के बीच होने के कारण काफी देर तक किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।
कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने खाई में गिरी कार को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके के लिए रवाना हुए। दुर्गम रास्ता और गहरी खाई होने के कारण राहत एवं बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा।
जब बचाव दल मौके पर पहुंचा तो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। वाहन में सवार पांचों लोगों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शवों को खाई से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।
हादसे में खटीमा निवासी 48 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी 45 वर्षीय सीमा चुफाल, 19 वर्षीय पुत्र वासु चुफाल और 12 वर्षीय पुत्री रवी चुफाल की मौत हो गई। वहीं कार चला रहे 34 वर्षीय चालक अनुज कुमार मिश्रा निवासी लखनऊ भी हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार परिवार घूमने के लिए नैनीताल आया हुआ था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग पर कई खतरनाक मोड़ और गहरी खाइयां हैं, जिसके चलते यहां अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।




