उत्तराखण्ड

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: फाटा–बड़ासू मार्ग पर खाई में गिरा डंपर, दो की मौत

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

 

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, रात करीब 8:43 बजे वाहन संख्या UK13CA0826 के तरसाली के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

 

संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान डंपर में दो लोग सवार मिले। बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में 45 वर्षीय संजय राणा का शव खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी बरामद कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों को मौके पर भेजा गया था। सभी एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

 

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर डंपर के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button