उत्तराखण्डशिक्षा

उत्तराखंड PCS मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल तक, 11 अप्रैल को जारी होंगे एडमिट कार्ड

उत्तराखंड। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने राज्य पीसीएस मुख्य परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा के एडमिट कार्ड 11 अप्रैल को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि 27 अप्रैल को सामान्य हिंदी और निबंध का पेपर होगा। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-1 और सामान्य अध्ययन-2 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 29 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-3 एवं सामान्य अध्ययन-4 और 30 अप्रैल को सामान्य अध्ययन-5 व सामान्य अध्ययन-6 के पेपर होंगे।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि 5 फरवरी तक मुख्य परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले 41 अभ्यर्थियों को पीसीएस भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है। इन सभी अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।

इधर, आयोग ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 21 से 24 अप्रैल 2026 के बीच हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button