तेज रफ्तार इनोवा ने पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत; कार घर में घुसी

देहरादून। देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, जाखन की ओर से सर्वे रोड की तरफ आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर अचानक वाहन की रफ्तार बढ़ गई, जिससे सड़क पर मौजूद करीब पांच लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि अनूप का इलाज जारी है।
इसके अलावा एक अन्य गंभीर घायल को पहले दून अस्पताल पहुंचाया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर उसे वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी।
हादसे के बाद अनियंत्रित इनोवा कार सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का क्रॉस मॉल में शोरूम बताया जा रहा है।




