मसूरी-देहरादून मार्ग पर अचानक दरकी पहाड़ी, सड़क पर गिरे भारी बोल्डर; यातायात रोका

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार शाम पानी वाले बैंड और मैगी प्वाइंट के बीच अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
गनीमत रही कि पहाड़ी से गिरे मलबे और बोल्डर की चपेट में कोई वाहन या व्यक्ति नहीं आया। एक कार और दो स्कूटी सवार हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय पहाड़ी का हिस्सा भरभराकर सड़क पर गिरा, उस दौरान मार्ग से वाहन गुजर रहे थे। बड़े बोल्डर सड़क पर गिरते देख वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहनों को रोका और पीछे हट गए।
भूस्खलन के बाद भी पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर और मलबा गिरता रहा। खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने तत्काल यातायात रोक दिया और वाहनों को भूस्खलन वाले स्थान से गुजरने की अनुमति नहीं दी।
सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे व बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया गया। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अचानक पहाड़ी दरकने से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आया है।
अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने के साथ ही पहाड़ी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है। जब पत्थरों और मलबे के गिरने का खतरा कम हो जाएगा और मार्ग को सुरक्षित घोषित किया जाएगा, तभी यातायात को दोबारा सुचारू किया जाएगा।
फिलहाल मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। सड़क बंद होने के कारण मसूरी आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




