लक्सर में युवक पर जानलेवा हमला, फायरिंग का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर में शुगर मिल के गोल चौराहे पर दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बहादरपुर खादर निवासी रितिक पुत्र शरणवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरे आरोपी पारस की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को अकोढ़ाकलां निवासी सुमित कुमार ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसका भाई रामकेश जब शुगर मिल के बाहर गोल चौराहे से गुजर रहा था, तभी बहादरपुर खादर निवासी रितिक ने अपने साथी पारस निवासी सीमली और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर देशी तमंचे से फायर कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
पीड़ित के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 109(1), 352 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने एसपी ग्रामीण और सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट, उप निरीक्षक समीर पांडे और कांस्टेबल मनोज शर्मा शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रितिक लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। आखिरकार पुलिस और मुखबिर तंत्र की मदद से 11 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे आरोपी पारस की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




