उत्तराखण्ड

देहरादून में शराब के ठेके के बाहर फायरिंग, दो युवक घायल; आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

विवाद के दौरान चली गोलियां

 

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर दो राउंड गोलियां चलीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

 

दो युवकों को लगी गोली

 

फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी, जिनका इलाज दून अस्पताल में चल रहा है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

 

हवाई फायरिंग करते हुए फरार हुए आरोपी

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।

 

एसपी सिटी ने क्या कहा?

 

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना में दो युवक घायल हुए हैं और दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button