उत्तराखण्ड

पति की हत्या कर सड़क हादसा दिखाने की साजिश, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक कहानी

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था, वह हत्या निकली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने किशोर प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और दोनों किशोरों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार संदिग्ध हालत में मिली थी। कार के अंदर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा था। मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में हुई।

शुरुआत में मामला सड़क हादसे का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पत्नी के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की टेंट की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों किशोरों ने घटना से जुड़ी जानकारी दी, जिसके बाद मृतक की पत्नी की भूमिका भी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी और दोनों किशोर वहां काम करते थे। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ कथित प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि इसी के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सभी लोग जन्मदिन की पार्टी के लिए कार से निकले थे। कार संजीव कुमार चला रहा था, जबकि दोनों किशोर पीछे बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे बैठे एक किशोर ने संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर आरोपी वहां से फरार हो गए और घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस ने मामले का 48 घंटे में खुलासा किया है। पुलिस अब हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button