उत्तराखण्ड

मसूरी-देहरादून रोड पर पहाड़ी दरकी, पेड़ और मलबा गिरने से यातायात बाधित

मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश एक बार फिर आफत बनकर सामने आई है। मंगलवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाला बैंड के पास हुए ताजा भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और एक विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहने की परेशानी झेलनी पड़ी। बुधवार को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर बाद अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने लगे। कुछ ही देर में एक बड़ा पेड़ भी सड़क पर आ गिरा, जिससे मसूरी-देहरादून मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी और राहत कार्य शुरू कराया।

 

मार्ग बंद होने का असर केवल यातायात तक सीमित नहीं रहा। मसूरी के लिए दूध, सब्जियां, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामान लेकर आने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। कई पर्यटक वाहन और स्थानीय लोगों की गाड़ियां घंटों तक सड़क पर खड़ी रहीं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। विभाग ने युद्धस्तर पर मलबा और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का अभियान चलाया। करीब दो घंटे की लगातार मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

 

गौरतलब है कि इसी स्थान पर हाल ही में भी भारी भूस्खलन हुआ था, जिसके बाद सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्य किए गए थे। एक बार फिर उसी स्थान पर भूस्खलन होने से सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और पहाड़ी के स्थायी उपचार पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यह क्षेत्र संवेदनशील साबित हो रहा है और इसके स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

 

लगातार मार्ग बाधित होने का असर पर्यटन कारोबार पर भी पड़ रहा है। बरसात के मौसम में मसूरी आने वाले पर्यटकों को रास्ते में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बार-बार सड़क बंद होने से कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और यातायात संबंधी ताजा अपडेट अवश्य प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button