उत्तराखंड में हीट वेव का कहर: हरिद्वार–पंतनगर 40° पार, दून में भी पारा 40 के करीब; पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार

देहरादून। मई की तपिश ने उत्तराखंड में तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मैदानी इलाकों में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हरिद्वार और पंतनगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि राजधानी दून में भी पारा 40 डिग्री के बेहद करीब दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों के लिए हीट वेव का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हरिद्वार, देहरादून और देहरादून से सटे उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की आशंका है।
दिन के साथ रातें भी तप रहीं
पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे 24 घंटे गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
देहरादून: न्यूनतम 23.1°C
हरिद्वार: 24.5°C
पंतनगर: 23.9°C
मुक्तेश्वर: 15.2°C
नई टिहरी: 16.8°C
हालांकि राहत की खबर यह है कि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मसूरी में बढ़ी रौनक
मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के बीच पर्यटक बड़ी संख्या में मसूरी का रुख कर रहे हैं। मालरोड और कुलड़ी क्षेत्र में स्थित व्यू प्वाइंट पर शाम के समय पर्यटकों की भीड़ देखी जा रही है। ठंडी हवाएं और दून घाटी का विहंगम दृश्य लोगों को राहत दे रहा है। पर्यटन सीजन के साथ स्थानीय कारोबार में भी तेजी आई है।
मरुस्थलीय हवाओं का असर
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार राजस्थान के थार मरुस्थल से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने वातावरण की नमी कम कर दी है, जिससे तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक ऊपर चला गया है।




