उत्तराखण्ड

पौड़ी में खाई में गिरी जीएमओयू की बस, पेड़ से टकराकर रुकी, 30 यात्रियों की बची जान

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत करीब 30 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है।

जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस संख्या UK15 PA 0072 बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस कोटद्वार निवासी चालक अशोक ममगाईं चला रहे थे। बताया जा रहा है कि भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस आगे नहीं बढ़ सकी।

सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी। इस दौरान बस पेड़ से टकराकर रुक गई। दुर्घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आने की सूचना है, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसे चुनौती

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। वहीं, निर्माण एजेंसियां सड़कों को दुरुस्त करने और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर सुधार के प्रयास कर रही हैं। शिक्षा विभाग भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी नहीं आ सकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button