उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर, गर्मी बढ़ते ही खपत 5.8 करोड़ यूनिट पहुंची

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की मांग में भी रिकॉर्ड उछाल देखने को मिल रहा है। मई की शुरुआत में जहां बिजली की दैनिक मांग करीब 4 करोड़ यूनिट थी, वहीं अब यह बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा 6 करोड़ यूनिट के पार जा सकता है।

बढ़ती खपत के बीच ऊर्जा निगम यूपीसीएल के सामने बिजली आपूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। हालांकि यूपीसीएल प्रबंधन का दावा है कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी घोषित बिजली कटौती नहीं की जा रही है। निगम के अनुसार वर्तमान में उसके पास मांग के मुकाबले लगभग 5.9 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

ट्रिपिंग की समस्या बढ़ी

हालांकि विभाग ने माना है कि अत्यधिक लोड और तकनीकी कारणों से कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या सामने आ रही है। पिछले दो दिनों में ही बिजली की मांग 5.3 करोड़ यूनिट से बढ़कर 5.8 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई, जिससे बिजली नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया है।

गर्मी से बढ़ी खपत

तेज गर्मी के कारण घरों और दफ्तरों में एसी, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ा है। इसी वजह से बिजली की खपत में अचानक उछाल आया है। खासकर मैदानी जिलों में बिजली की मांग सबसे अधिक दर्ज की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button