भारी बारिश के बीच दून पुलिस अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की अपील

देहरादून: राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही हैं और हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारिश की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। रात से ही पुलिस टीमें नदी-नालों के किनारे और अन्य संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को सतर्क कर रही हैं।
लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए पुलिस ने लोगों से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित जनहानि को रोका जा सके।
दून पुलिस ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार भ्रमणशील हैं और मौसम की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



