Uncategorized

रुद्रपुर में चाऊमीन ठेले पर विवाद के बाद फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार; इलाके में मचा हड़कंप

रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर के रम्पुरा चौकी क्षेत्र में चाऊमीन के ठेले पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन युवकों ने पहले विक्रेता से कहासुनी की और फिर मारपीट करते हुए ठेले पर पथराव कर दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घटना वार्ड नंबर 22 की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चाऊमीन मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित चाऊमीन विक्रेता सोमवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात के समय तीन युवक उसके ठेले पर आए और चाऊमीन बनाने को कहा। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

इसके बाद आरोपियों ने ठेले पर पथराव किया, जिससे सामान बिखर गया और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। आरोप है कि इसके बाद फायरिंग कर आरोपियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गए।

तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे के रूप में की है। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ, जबकि अन्य दो आरोपियों के पास से चाकू मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। संजय कोली और अमन पांडे को वांछित अपराधी बताया जा रहा है।

इलाके में तनाव का माहौल

घटना के बाद वार्ड नंबर 22 में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और कई दुकानों के शटर गिरा दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या नहीं। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button