उत्तराखंड में भाजपा ने शुरू की 2027 की तैयारी, नेताओं को मिला टारगेट

देहरादून: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को देहरादून में पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ कई घंटे तक मैराथन बैठक की। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों को अभी से चुनावी मोड में सक्रिय होने के निर्देश दिए।
देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित बैठक में प्रदेश के सांसदों और विधायकों के साथ संगठन की मजबूती, सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है और आगामी चुनाव में जीत के लिए बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय करना जरूरी है।
बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष Mahendra Bhatt ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी सांसदों और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों से 100 बुद्धिजीवियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इन बुद्धिजीवियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में उन विधानसभा सीटों पर भी विशेष चर्चा हुई, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी नेतृत्व ने इन सीटों पर संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय मुद्दों और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने पर भी जोर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ मैनेजमेंट को चुनावी जीत की सबसे अहम कड़ी बताते हुए प्रत्येक बूथ समिति को सक्रिय रखने, नियमित बैठकें करने और लाभार्थियों से सीधा संपर्क स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विधायकों और सांसदों को गांवों में प्रवास कर जनता के बीच लगातार मौजूद रहने और क्षेत्रीय समस्याओं का मौके पर समाधान करने की सलाह दी गई।
बीजेपी का मानना है कि जनता के बीच सीधा संवाद और मजबूत संगठन ही 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी को लगातार तीसरी बार सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।




